Bihar Road Accident: गोपालगंज में रफ्तार का कहर,बेलगाम ट्रैक्टर ने तीन युवकों को कुचला, 2 की मौत से मातमी सन्नाटा

Bihar Road Accident:एक अनियंत्रित बालू लदा ट्रैक्टर मौत का पहिया बनकर दौड़ा और दो बाइक पर सवार तीन युवकों को कुचल दिया।...

Gopalganj Horror Tractor Runs Over 3 Youths 2 Dead
बेलगाम ट्रैक्टर ने तीन युवकों को कुचला- फोटो : reporter

Gopalganj: जिले के ऊंचकागांव थाना क्षेत्र में रफ्तार की गुंडागर्दी ने एक बार फिर खूनी खेल खेल दिया। श्यामपुर गांव के पास एक अनियंत्रित बालू लदा ट्रैक्टर मौत का पहिया बनकर दौड़ा और दो बाइक पर सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दो युवकों की जिंदगी पलभर में खत्म हो गई, जबकि एक युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्यामपुर बाजार के समीप अचानक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, ट्रैक्टर ने सड़क पर जा रही दो बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि बाकी दो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई हर तरफ चीख-पुकार और खून से सना मंजर।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन मौत का सिलसिला यहीं नहीं थमा इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। अब तीसरा युवक जिंदगी की डोर थामे ICU में संघर्ष कर रहा है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। वहीं, हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

गांव में इस हादसे के बाद मातम का सन्नाटा पसरा हआ है। जिन घरों में कल तक हंसी गूंजती थी, वहां आज सिर्फ चीखें और आंसू हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है हर आंख में एक ही सवाल, आखिर कब रुकेगा ये मौत का खेल?गोपालगंज की यह घटना फिर से याद दिलाती है कि सड़कों पर ‘बेखौफ रफ्तार’ अब सीधे जान की दुश्मन बन चुकी है। जब तक नियमों का सख्ती से पालन नहीं होगा, तब तक ऐसे हादसे यूं ही जिंदगी छीनते रहेंगे।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा