Bihar Crime: कोढ़ा गैंग का दबोचा गया शातिर , पिस्टल-कारतूस बरामद, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

Bihar Crime: बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे एक ग्राहक से ढाई लाख रुपये झपटकर फरार हो रहे शातिर को ग्रामीणों ने दौड़ाकर दबोच लिया।

Bihar Crime: कोढ़ा गैंग का दबोचा गया शातिर , पिस्टल-कारतूस ब
कोढ़ा गैंग का दबोचा गया शातिर- फोटो : SOCIAL MEDIA

Gopalganj: जिले में दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात उस वक्त नाकाम हो गई, जब गांव की जागती आंखों ने बदमाश की चाल नाकाम कर दी। बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे एक ग्राहक से ढाई लाख रुपये झपटकर फरार हो रहे शातिर को ग्रामीणों ने दौड़ाकर दबोच लिया। मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दुबौली स्थित स्टेट बैंक के बाहर का है, जहां अपराधी अपने मंसूबों में तो कामयाब हो गया था, लेकिन भाग नहीं सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही ग्राहक बैंक से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बदमाश ने रुपयों से भरी थैली पर झपट्टा मारा और बाइक की ओर भागने लगा। शोर मचते ही आसपास मौजूद ग्रामीण हरकत में आए, बदमाश का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। मौके पर गुस्साई भीड़ ने उसकी धुनाई कर दी और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलते ही बैकुंठपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजा सिंह, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार बताया। जैसे ही “कोढ़ा” का नाम सामने आया, पुलिस भी चौकन्नी हो गई, क्योंकि यह इलाका कुख्यात कोढ़ा गैंग की गतिविधियों के लिए जाना जाता है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपी की निशानदेही पर धर्मभारी मोड़ के पास तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी ने कबूल किया कि वाहन चेकिंग के डर से उसने हथियार फेंक दिए थे।

सदर एसडीपीओ-2 सिधवलिया राजेश कुमार ने बताया कि चार बदमाश दो बाइक से आए थे, जिनमें से तीन फरार हैं। एसआईटी बनाकर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर कोढ़ा गैंग से जुड़ा है और पहले भी बैंक, सीएसपी संचालकों व बाजारों में झपटमारी और लूट की वारदातों में शामिल रहा है। एक फर्जी आधार कार्ड बरामद होने की भी पुष्टि हुई है।

पुलिस के अनुसार, गैंग के फरार सदस्य सिवान इलाके में किराये के ठिकानों पर छिपे होने की आशंका है। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई, लेकिन अब जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। कोढ़ा गैंग के पूरे नेटवर्क की परतें खोलने की तैयारी में पुलिस जुट चुकी है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा