गोपालगंज में शराब तस्करी का नया पैंतरा फेल! बोलेरो में 6 महिलाएं और भारी मात्रा में विदेशी शराब, ऐसे खुली पोल
गोपालगंज में शराब तस्करी का नया पैंतरा फेल! उत्पाद विभाग की टीम ने पहाड़पुर गांव के पास छापेमारी कर एक बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। गाड़ी में 6 महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। पुलिस को चकमा देने के लिए महिलाओं की आड़ ली जा रही थी
बिहार के गोपालगंज जिले में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए पैंतरों के बीच इस बार महिलाओं की आड़ में शराब तस्करी करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने कुचायकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही एक बोलेरो गाड़ी को रोककर उसकी घेराबंदी की गई।
बोलेरो में बनी गुप्त जगह से विदेशी शराब जब्त
जब उत्पाद विभाग की टीम ने रोकी गई बोलेरो गाड़ी की गहन तलाशी ली, तो उसके भीतर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए वाहन के भीतर बेहद शातिराना तरीके से गुप्त जगह बनाई हुई थी, ताकि पहली नज़र में किसी भी जांच टीम को कोई शक न हो सके। पुलिस और उत्पाद विभाग को चकमा देने की नीयत से यह पूरी योजना तैयार की गई थी, जिसे सतर्क अधिकारियों ने पूरी तरह नाकाम कर दिया।
छह महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया
कार्रवाई के वक्त बोलेरो वाहन में कुल छह महिलाएं और एक पुरुष सवार पाए गए। जांच में सामने आया कि महिलाओं की मौजूदगी का फायदा उठाकर और उन्हें ढाल बनाकर शराब की इस बड़ी खेप को ठिकाने लगाने की कोशिश की जा रही थी। इस बड़े खुलासे के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से ही वाहन में सवार सभी छह महिलाओं और पुरुष को हिरासत में ले लिया है और उनसे सघन पूछताछ शुरू कर दी है।
नेटवर्क के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच तेज
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को सीज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही इस पूरे तस्करी सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी गहन जांच की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि शराब की यह खेप कहाँ से खरीदी गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। विभाग को उम्मीद है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े तस्करों का भी पर्दाफाश होगा।
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट