Gopalganj Crime News: गैस सिलेंडर और बाइक की सीट में शराब तस्करी, हैरान करने वाला जुगाड़
गोपालगंज में शराब तस्करी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तस्कर ने गैस सिलेंडर काटकर गुप्त तहखाना बनाया और बाइक की सीट के नीचे शराब छिपाई। उत्पाद विभाग ने शराब बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पूरी खबर पढ़ें।
बिहार के गोपालगंज जिले में शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुर्म टोला के पास उत्पाद विभाग की टीम वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान यूपी की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई। टीम ने जब वाहन की गहराई से जांच की, तो तस्करों द्वारा शराब छिपाने के लिए अपनाए गए शातिराना तरीके को देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
जांच के दौरान अधिकारियों ने जब बाइक की सीट का कवर हटाकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। तस्कर ने सीट के निचले हिस्से में खास जगह बना रखी थी, जहां फ्रूटी के पैकेट में भरी भारी मात्रा में देसी शराब छिपाकर रखी गई थी। बाहर से देखने पर बाइक बिल्कुल सामान्य लग रही थी, लेकिन इसके अंदर अवैध शराब की खेप आसानी से ले जाई जा रही थी।
तस्करी का खेल केवल बाइक की सीट तक ही सीमित नहीं था। बाइक पर लदे घरेलू गैस सिलेंडर पर जब अधिकारियों को संदेह हुआ, तो उसकी बारीकी से जांच की गई। जांच में पता चला कि सिलेंडर को बीच से काटकर उसके अंदर एक गुप्त तहखाना बनाया गया था। बाहर से पूरी तरह सामान्य दिखने वाले इस सिलेंडर को अंदर से खोखला कर शराब रखने की जगह बनाई गई थी और उसे ऊपर से लॉक कर दिया गया था।
उत्पाद विभाग के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मौके से भारी मात्रा में देसी शराब और बाइक जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार तस्कर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि शराब के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा सके कि यह खेप यूपी में कहां से खरीदी गई थी और बिहार में किसे डिलीवर की जानी थी।
गोपालगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट