Gopalganj News: ध्यान दें! 10 अगस्त को मंगलपुर–विशुनपुर पुल 2 घंटे रहेगा पूरी तरह बंद, जानें वजह

गोपालगंज में गंडक नदी पर स्थित मंगलपुर-विशुनपुर पुल पर सोमवार (10 अगस्त) सुबह 5 से 7 बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। बेयरिंग बदलने के काम को लेकर जिला प्रशासन ने 2 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक जारी किया है।

Mangalpur Bridge traffic update
विशुनपुर पुल मरम्मत,मंगलपुर–विशुनपुर पुल 2 घंटे रहेगा पूरी तरह बंद- फोटो : Reporter

गोपालगंज में गंडक नदी पर बने मंगलपुर–विशुनपुर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल से गुजरने वाले राहगीरों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। पुल के आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षात्मक कार्यों के चलते सोमवार, 10 अगस्त को सुबह 5:00 बजे से 7:00 बजे तक यातायात पूरी तरह से ठप रहेगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस 2 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक को मंजूरी दी है, ताकि मरम्मत का काम बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।

हाइड्रोलिक जैक से उठाया जाएगा सुपर स्ट्रक्चर

जिला प्रशासन के अनुसार, मंगलपुर–जादवपुर पुल के रख-रखाव का काम चल रहा है। इस दौरान पुल के सुपर स्ट्रक्चर को हाइड्रोलिक जैक की मदद से उठाकर पुराने बेयरिंग को बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। चूंकि यह एक बेहद संवेदनशील और तकनीकी कार्य है, इसलिए यात्रियों व वाहन चालकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सुबह के समय वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

आम जनता की सुविधा के लिए सुबह का समय तय

जिलाधिकारी समीर सौरभ ने जानकारी दी कि ट्रैफिक ब्लॉक का समय जानबूझकर तड़के सुबह रखा गया है ताकि सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम रहे और लोगों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े। इसके अलावा, वाहन चालकों को रास्ता भटकने से बचाने और सही जानकारी देने के लिए प्रमुख मोड़ों व स्थानों पर दिशा-निर्देश वाले सूचना बोर्ड (Signboards) भी लगाए जा रहे हैं।

भविष्य में 15 से 20 दिनों का लग सकता है लंबा ब्लॉक

डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे जब पुल के स्थायी बेयरिंग को बदलने का व्यापक काम शुरू होगा, तब कार्यदायी एजेंसी ने लगभग 15 से 20 दिनों के लंबे ब्लॉक की मांग की है। हालांकि, उस लंबे ब्लॉक पर निर्णय परिस्थितियों की समीक्षा के बाद बाद में लिया जाएगा। फिलहाल, आम जनता को राहत देते हुए सोमवार को केवल 2 घंटे (सुबह 5 से 7 बजे तक) के लिए ही यातायात बंद रखा जाएगा।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट