1 लाख का इनामी मनिंद्र मिश्रा यूपी से गिरफ्तार: बिहार-यूपी में था खौफ, डॉक्टर से मांगी थी 12 लाख की रंगदारी

बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों में खौफ का पर्याय बन चुके 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी मनिंद्र मिश्रा को बिहार एसटीएफ और यूपी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के पॉली से गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर से 12 लाख की रंगदारी और लालाछापर लूटकांड का मुख्य आरोपी

Bihar UP Border Criminal Manindra Mishra Arrested
गोपालगंज का एक लाख का इनामी मनिंद्र मिश्रा गिरफ्तार, यूपी से दबोचा गया- फोटो : Reporter

बिहार एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों में खौफ का पर्याय बन चुके एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मनिंद्र मिश्रा को उत्तर प्रदेश के पॉली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर गांव का निवासी मनिंद्र रंगदारी, हत्या के प्रयास और लूट समेत कई संगीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था।


किशोरावस्था से अपराध की दुनिया में रखा कदम

पुलिस के अनुसार, मनिंद्र मिश्रा का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और खौफनाक रहा है। उसने बेहद कम उम्र में ही जरायम की दुनिया में प्रवेश कर लिया था। गोपालगंज शहर के प्रसिद्ध मिठाई विक्रेता 'चौधरी जी' की दुकान पर हुए बमबारी कांड में उसका नाम पहली बार प्रमुखता से सामने आया था। इसके बाद वह लगातार कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा, जिसके चलते बिहार सरकार ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।


डॉक्टर से 12 लाख की रंगदारी मांगने में था मुख्य आरोपी 

मनिंद्र मिश्रा भोरे के चर्चित चिकित्सक डॉ. संदीप कुमार से 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी मुख्य आरोपी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से ही बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। हालांकि, वह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो जाता था।


लालाछापर लूटकांड की साजिश रचने का आरोप

जांच में यह बात भी सामने आई है कि चर्चित लालाछापर लूटकांड की पूरी पटकथा मनिंद्र मिश्रा ने ही उमरगांव में बैठकर लिखी थी। इस लूट की घटना के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की घेराबंदी में गोलू मिश्रा सहित दो अपराधियों की मौत हो गई थी, जबकि अपराधियों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक निर्दोष राहगीर को भी अपनी जान गंवानी पड़ी थी।


नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस, ट्रांजिट रिमांड पर आएगा बिहार 

गिरफ्तारी के बाद बिहार एसटीएफ और भोरे थाने की पुलिस उत्तर प्रदेश में ही उससे गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस उसके गिरोह के अन्य सदस्यों, शरणदाताओं और बिहार-यूपी बॉर्डर पर फैले नेटवर्क के बारे में जानकारियां जुटा रही है। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मनिंद्र को ट्रांजिट रिमांड पर बिहार लाकर अदालत में पेश किया जाएगा।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट