Bihar News : गोपालगंज में पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 ऑकेस्ट्रा ठिकानों पर की छापेमारी, 45 नाबालिग लड़कियों का किया रेस्क्यू, 22 को किया गिरफ्तार

Bihar News : गोपालगंज में पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 ऑकेस्ट्रा

GOPALGANJ : जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी के कड़े निर्देश पर गठित विशेष टीम ने क्षेत्र के 15 अलग-अलग ऑकेस्ट्रा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस ऑपरेशन में 45 से अधिक नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है, जिन्हें बंधक बनाकर अश्लील गीतों पर डांस कराया जाता था।

भारी मात्रा में गिरफ्तारी और रेस्क्यू

पुलिस की इस कार्रवाई में 6 महिलाओं सहित कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी लोग ऑकेस्ट्रा संचालन और लड़कियों की खरीद-फरोख्त से जुड़े बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू की गई लड़कियां मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल और बिहार के विभिन्न जिलों की रहने वाली हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि इन लड़कियों को बेहतर काम का झांसा देकर लाया गया था, लेकिन यहाँ उनसे जबरन देह व्यापार और अश्लील डांस कराया जा रहा था।

जबरन कराया जाता था अश्लील डांस

जांच में यह बात सामने आई है कि इन लड़कियों को बेहद अमानवीय परिस्थितियों में रखा जाता था। उन्हें भोजपुरी के अश्लील गीतों पर डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक इस काले धंधे की काफी समय से गुप्त सूचना मिल रही थी, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से यह रेड की गई।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस सफल ऑपरेशन में गोपालगंज पुलिस के साथ एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन और नारायणी सेवा संस्थान की टीमें भी शामिल रहीं। इन संस्थाओं के सहयोग से लड़कियों को सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट किया जा रहा है और उनकी काउंसलिंग की जा रही है ताकि उन्हें मुख्यधारा में वापस लाया जा सके।

इलाके में मचा हड़कंप

कुचायकोट थाना क्षेत्र के 15 ठिकानों पर एक साथ हुई इस छापेमारी से ऑकेस्ट्रा संचालकों और इस काले कारोबार से जुड़े सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों तक पहुँचा जा सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन लड़कियों को किन माध्यमों से लाया गया था। 

नमो नारायण की रिपोर्ट