Gopalganj News:छात्र प्रदर्शन के बीच DM-SP का फ्लैग मार्च, बंजारी से मोनिया चौक तक सुरक्षा का लिया जायजा
गोपालगंज में छात्र प्रदर्शन को देखते हुए DM समीर सौरभ और SP विनय कुमार तिवारी ने पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। बंजारी से मोनिया चौक तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर शांति की अपील की।
गोपालगंज में जारी छात्र धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार तिवारी ने खुद मोर्चा संभाला। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरा फ्लैग मार्च
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आम लोगों के बीच सुरक्षा का अहसास कराने के लिए शनिवार को डीएम और एसपी के नेतृत्व में एक विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च शहर के बंजारी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, अंबेडकर चौक और मोनिया चौक समेत सभी मुख्य मार्गों व बाजारों से होकर गुजरा। इस दौरान भारी संख्या में तैनात पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।

संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण और त्वरित दिशा-निर्देश
सड़कों पर मार्च के दौरान डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय कुमार तिवारी ने संवेदनशील स्थलों का खुद निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पहले से तैनात पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों को सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पूरे शहर में हर पल सतर्क निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को शांति व्यवस्था भंग करने का मौका न मिल सके।

शांति बनाए रखने की अपील, उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने आम जनता से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने को कहा है। इसके साथ ही प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट