Bihar News: गोपालगंज में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
Bihar News:22 वर्षीय युवक का शव उसके ही कमरे में पंखे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजन...
Gopalganj: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवक का शव उसके ही कमरे में पंखे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजन इसे सुनियोजित साज़िश करार दे रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तहकीकात शुरू कर दी है। घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र के खजूरी तिवारी टोला की है।
सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सूरज प्रसाद के पुत्र आलोक कुमार बिंद का शव कमरे में फंदे से झूलता मिला। बताया जाता है कि आलोक पेशे से जेसीबी चालक था और बाहर रहकर काम करता था। करीब एक महीने पहले ही वह गांव लौटा था और घर पर रह रहा था। मृतक के चाचा प्रमोद बिंद के अनुसार, घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे और आलोक घर पर अकेला था। सुबह जब परिजन लौटे और कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का मंजर देख सब सन्न रह गए आलोक का शव पंखे से लटका हुआ था।
परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अज्ञात लोगों ने पहले हत्या की और फिर सबूत मिटाने के इरादे से शव को फंदे से लटका दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले गांव के कुछ युवकों से आलोक का विवाद हुआ था। परिजन उसी रंजिश को घटना से जोड़कर देख रहे हैं।
सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। फिलहाल गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा