थावे दरबार पर हाई-अलर्ट, भीड़ की आड़ में वारदात की आशंका, फोर्स तैनात, हर हरकत पर पैनी निगरानी
Bihar News: आगामी धार्मिक आयोजनों के मद्देनज़र पूरे सूबे के मंदिरों में सिक्योरिटी का शिकंजा कस दिया गया है, गोपालगंज के थावे दुर्गा मंदिर को लेकर प्रशासन कुछ ज्यादा ही अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है।
Bihar News: गोपालगंज के मशहूर थावे दुर्गा मंदिर में आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर माहौल गर्म है, लेकिन इस बार सिर्फ भक्ति नहीं, बल्कि सुरक्षा का साया भी गहरा है। खुफिया इनपुट्स और भारी भीड़ की आमद को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना हो गया है। करीब 3 से 4 हजार अकीदतमंदों के जुटने की आशंका के बीच हर एंगल से निगरानी का तगड़ा बंदोबस्त किया गया है।
सूत्रों की मानें तो भीड़ के बीच किसी भी तरह की गड़बड़ी, जेबतराशी या अराजक तत्वों की एंट्री को लेकर अलर्ट जारी है। इसी के मद्देनजर चार अतिरिक्त दंडाधिकारी यानी मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो मौके पर हालात को कंट्रोल में रखने के लिए हर वक्त मौजूद रहेंगे। पूरा सिस्टम इस तरह सेट किया गया है कि किसी भी संदिग्ध हरकत पर फौरन एक्शन लिया जा सके।
जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने साफ लहजे में कहा है कि सिक्योरिटी में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं सदर एसडीएम अनिल कुमार को मंदिर की कमान सौंपी गई है। उन्हें खास निर्देश दिए गए हैं कि मौके पर खुद मौजूद रहकर हर मूवमेंट पर नजर रखें और किसी भी अफरातफरी को तुरंत काबू में करें।
मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में CCTV कैमरों की नजर, बैरिकेडिंग और भारी पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। “संदिग्ध” दिखने वाले हर शख्स पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की साजिश या वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम किया जा सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय रास्तों का इस्तेमाल करें, सुरक्षा जांच में सहयोग दें और किसी भी अफवाह या हंगामे से दूर रहें। क्योंकि इस बार थावे दरबार में सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि कानून का कड़ा पहरा भी है जहां हर हरकत रिकॉर्ड हो रही है और हर शक पर नजर है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा