Bihar Road Accident: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार नवविवाहित पति-पत्नी को बेरहमी से कुचला, एक साथ उठीं दो अर्थियां, परिवार में मचा कोहराम!

Bihar Road Accident: गोपालगंज में ऐसा खौफनाक कहर देखने को मिला, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

Gopalganj Horror
एक साथ उठीं दो अर्थियां- फोटो : reporter

Bihar Road Accident:  गोपालगंज में देर रात रफ्तार का ऐसा खौफनाक कहर देखने को मिला, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे नवविवाहित पति-पत्नी को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की जिंदगी मौके पर ही खत्म हो गई। जिस घर में महज एक साल पहले शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम, चीख-पुकार और अपनों को खोने का दर्द पसरा हुआ है।

यह दर्दनाक हादसा मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के ब्रज किशोर हाट के समीप हुआ। मृतकों की पहचान सिधवलिया निवासी सुदामा राम के 26 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार और उनकी 22 वर्षीय पत्नी पूषा देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बाजार में खरीदारी करने गए थे। देर रात बाइक से वापस घर लौटने के दौरान अचानक एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए और उनकी मौत हो गई।

इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि अक्षय और पूषा की शादी को अभी महज एक साल ही हुआ था। दोनों ने साथ मिलकर जिंदगी के नए सपने संजोए थे, लेकिन एक तेज रफ्तार वाहन ने पलभर में उनके सारे अरमानों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। शादी की पहली सालगिरह से पहले ही दोनों की जिंदगी का सफर थम गया।घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक और गम का माहौल है।

सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर थाना पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की भी तफ्तीश की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल की टक्कर ने दो जिंदगियां छीन लीं और पीछे छोड़ दिया कभी न भरने वाला जख्म।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा