Bihar News : गोपालगंज में चाकूबाजी से सनसनी , पैसों के विवाद में बदमाशों ने अधेड़ को गोदा, पुलिस ने 2 घंटे में आरोपी को दबोचा
GOPALGANJ : गोपालगंज से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां महज़ पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ी कि चाकूबाजी की घटना हो गई और एक अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजनों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मात्र दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के छवही खास गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव के ही दो लोगों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने चाकू निकाल लिया और अधेड़ व्यक्ति पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। घायल व्यक्ति को परिजन तुरंत लेकर मॉडल सदर अस्पताल गोपालगंज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मांझागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर आरोपी वकिल यादव को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से चाकू भी बरामद कर लिया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
सदर एसडीपीओ 2 सिधौलिया राजेश कुमार ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर यह विवाद हुआ था, जिसमें चाकूबाजी की घटना हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू को भी जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामूली पैसों के लेनदेन का विवाद किस तरह हिंसक रूप ले सकता है, यह घटना उसका उदाहरण है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। तो गोपालगंज में एक बार फिर यह घटना सवाल खड़ा करती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा समाज के लिए कितना बड़ा खतरा बनती जा रही है। फिलहाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी सलाखों के पीछे है, लेकिन घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।
नमो नारायण की रिपोर्ट