Bihar News: मौत की रफ्तार! जीविका कर्मी को हाइवा ने रौंदा,बहू समेत दो की हालत नाजुक

Bihar News: तेज रफ्तार हाइवा ने एक परिवार की खुशियां चंद सेकेंड में उजाड़ दीं।....

Jeevika worker was crushed by a Hiva 2 critical condition
जीविका कर्मी को हाइवा ने रौंदा- फोटो : reporter

Bihar News: तेज रफ्तार हाइवा ने एक परिवार की खुशियां चंद सेकेंड में उजाड़ दीं। गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के भरठही गांव स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास शुक्रवार देर रात यह भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें जीविका समूह की कर्मी मुन्नी देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बहू और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए

बताया जा रहा है कि सड़क पक्कीकरण कार्य के दौरान प्लांट से निर्माण सामग्री लेकर आ रही एक बेकाबू हाइवा ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आती भारी गाड़ी को देखकर बाइक का संतुलन बिगड़ा और तीनों सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही 50 वर्षीय मुन्नी देवी हाइवा के पहियों तले आ गईं। मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं।

मुन्नी देवी दुहौना गांव निवासी नवाब मद्धेशिया की पत्नी थीं और जीविका समूह में सीएम पद पर कार्यरत थीं। वह बरवा गांव से राशन लेकर लौट रही थीं। उनके साथ बाइक पर बहू निशा देवी और अजय मद्धेशिया उर्फ कल्लू सवार थे। हादसे में दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेफरल अस्पताल कटेया पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बिहार पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हाइवा को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस हादसे ने सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि निर्माण स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था की जाए। एक पल की लापरवाही ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी अब सवाल है, क्या जिम्मेदारों पर शिकंजा कसेगा?

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा