Bihar Love Drama: इश्क का टॉवर ड्रामा! प्रेमी गया जेल, मोहब्बत के जोश में प्रेमिका मोबाइल टॉवर पर चढ़ी, पुलिस झुकी

Bihar Love Drama:इश्क का एक ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।...

Love Drama Woman Climbs Tower Demands Lover Release
प्रेमिका मोबाइल टॉवर पर चढ़ी- फोटो : reporter

Bihar Love Drama:इश्क का एक ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मामला गोपालगंज के  भोरे थाना क्षेत्र के बनकटा गांव का है, जहां अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज एक युवती सीधे मोबाइल टॉवर पर चढ़ बैठी। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी।

दरअसल, गोपालगंज में  पुलिस ने किसी पुराने मामले में युवती के प्रेमी को हिरासत में ले लिया था। जैसे ही यह खबर प्रेमिका तक पहुंची, उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। मोहब्बत के जोश में उसने ऐसा कदम उठाया कि पूरे गांव की सांसें थम गईं। युवती सीधे गांव के पास लगे एक ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और वहीं से एलान कर दिया-“जब तक मेरे महबूब को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक नीचे नहीं उतरूंगी।”

टॉवर पर चढ़ी युवती को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। कोई इसे दीवानगी कह रहा था तो कोई पुलिस की कार्रवाई पर तंज कस रहा था। कुछ लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे तो कुछ बुजुर्ग सिर पकड़कर खड़े हो गए। इश्क का यह ‘लाइव तमाशा’ देखते ही देखते पूरे इलाके की चर्चा बन गया।

सूचना मिलते ही भोरे थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। आखिरकार पुलिस को मजबूर होकर गिरफ्तार प्रेमी को भी मौके पर लाना पड़ा, ताकि उसे दिखाकर युवती को शांत कराया जा सके। टॉवर के नीचे पुलिस, ग्रामीण और परिजन घंटों तक समझाइश की मशक्कत करते रहे। हर कोई उसे नीचे उतरने की गुजारिश करता रहा, लेकिन युवती का एक ही राग था पहले रिहाई, फिर उतराई।

फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हुए हैं। बनकटा गांव की यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोग कह रहे हैं कि मोहब्बत की अदालत में कानून की दलीलें अक्सर कमजोर पड़ जाती हैं और इस बार भी इश्क ने ऐसा ड्रामा रचा कि पूरा गांव तमाशबीन बन गया।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा