Bihar Crime : पैसे का लालच देकर अधेड़ ने 3 दिनों तक मासूम से किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : बिहार में 40 साल के एक अधेड़ ने पैसे का लालच देकर मासूम से 3 दिनों तक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे
GOPALGANJ : जिले के हथुआ थाना क्षेत्र से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया है। महज़ 8 वर्ष की एक मासूम बच्ची को पैसों का लालच देकर लगातार तीन दिनों तक शारीरिक शोषण किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।
इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में दहशत, आक्रोश और गहरा दुख व्याप्त हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई। जिसके बाद हथुआ थानाध्यक्ष शोयब आलम ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने 40 वर्षीय आरोपी चन्दन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। वहीं, गंभीर मानसिक और शारीरिक आघात से गुजर रही बच्ची को तत्काल मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम बच्ची की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है। एफएसएल टीम द्वारा तकनीकी और जैविक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
लोगों के मन में एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर कब तक मासूमों की सुरक्षा यूं ही खतरे में पड़ी रहेगी। यह घटना केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए एक गंभीर चेतावनी है। अब आवश्यकता है कि ऐसे जघन्य अपराधों के खिलाफ समाज और प्रशासन मिलकर कठोर कदम उठाएं, ताकि भविष्य में किसी मासूम को इस तरह की पीड़ा का सामना न करना पड़े।
नमो नारायण की रिपोर्ट