Bihar News : गोपालगंज में उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, स्कॉर्पियो व कार से शराब की बड़ी खेप किया बरामद, 3 तस्करों को किया गिरफ्तार
Bihar News : गोपालगंज में वाहन जांच के दौरान दो गाड़ियों से 181 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
GOPALGANJ : जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान दो चार पहिया गाड़ियों से 181 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त की गई है। इस कार्रवाई के दौरान शराब तस्करों के पास से वाहनों को जब्त करते हुए तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
पहली कार्रवाई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया पुल के समीप हुई, जहां उत्पाद विभाग की टीम वाहन जांच कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने एक संदिग्ध महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर छिपाकर रखी गई 103.6 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को दबोच लिया, जिनमें से एक आरोपी उचकागांव थाना क्षेत्र तथा दूसरा कुचायकोट थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
वहीं दूसरी कार्रवाई माझागढ़ थाना क्षेत्र में अमल में लाई गई। यहां उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मारुति कार को रोककर जांच की। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 77.76 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। इस मामले में पुलिस ने मौके से ही एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान पड़ोसी जिले बेतिया (पश्चिम चंपारण) के निवासी के रूप में की गई है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के आलोक में जिले की सीमाओं और मुख्य मार्गों पर शराब माफियाओं के खिलाफ लगातार छापेमारी और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचनाओं पर त्वरित एक्शन लेते हुए तस्करों के मंसूबों को नाकाम किया जा रहा है।
दोनों मामलों में जब्त वाहनों और बरामद शराब के साथ गिरफ्तार आरोपियों को उत्पाद थाने लाया गया है। आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ यह दंडात्मक अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
नमो नारायण की रिपोर्ट