शादी की पहली सालगिरह पर विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया गला दहेज हत्या का आरोप
बिहार के गोपालगंज जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति मे मौत हो गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि मृतका की मौत शादी की पहली सालगिरह के दिन हुई है.....
Gopalganj : जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां शादी की पहली सालगिरह के दिन ही एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 22 वर्षीय गुड़िया देवी का शव उसके ससुराल के कमरे से बरामद किया गया। मृतका तीन माह की गर्भवती थी, जिसकी मौत के साथ ही उसके गर्भ में पल रहे मासूम की भी जान चली गई। इस घटना के बाद से ही मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मायके वालों का आरोप : बुलेट और सोने की चेन के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुड़िया की शादी एक वर्ष पूर्व बखरौर निवासी मनीष कुंवर के साथ हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक, पूर्व में भी इस विवाद को लेकर थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन सामाजिक समझौते और बेहतर भविष्य की उम्मीद में गुड़िया को दोबारा ससुराल भेज दिया गया था।
लाश घर में छोड़कर ससुराल वाले थे फरार
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जिस दिन घर में खुशियां मनाई जानी चाहिए थीं, उसी दिन मायके वालों को गुड़िया की मौत की सूचना मिली। जब परिजन ससुराल पहुंचे, तो उन्होंने गुड़िया का शव बेड पर पड़ा पाया। घर के सभी सदस्य मौके से फरार थे। मायके पक्ष का स्पष्ट आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर गुड़िया की गला दबाकर हत्या की गई है और साक्ष्य छुपाने के लिए मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस को भी हत्या का संदेह
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 सिधवलिया, राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आरोपियों के घर छोड़कर भाग जाने के कारण संदेह गहरा गया है, जिसकी वजह से पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज जैसी कुप्रथा और महिलाओं के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि मृतका को न्याय मिल सके।
नमो नारायण की रिपोर्ट