Bihar News: बारात के रास्ते पर नकाबपोशों का धावा, मोबाइल-पर्स लूटकर हो गया फरार

Bihar News: बारात में शरीक होने जा रहे बाइक सवार युवकों को 7-8 नकाबपोश बदमाशों ने घात लगाकर निशाना बनाया।

Masked men attacked wedding procession looted mobile phones
बारात के रास्ते नकाबपोशों का धावा- फोटो : reporter

Bihar News: बारात में शरीक होने जा रहे बाइक सवार युवकों को 7-8 नकाबपोश बदमाशों ने घात लगाकर निशाना बनाया। लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से लैस हमलावरों ने पहले मारपीट की, फिर मोबाइल और पर्स लूटकर अंधेरे में फरार हो गए।गोपालगंज से देर रात की सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है।

घटना नगर थाना गोपालगंज क्षेत्र के सुकुलवां और उचकागांव थाना के दहीभत्ता बॉर्डर नहर मार्ग की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, युवक अपने घर से बाइक पर सवार होकर उचकागांव की ओर बारात में शामिल होने जा रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही वे सुकुलवां-दहीभत्ता बॉर्डर स्थित सुनसान नहर मार्ग पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े 7-8 युवक चेहरा ढके हुए थे। बाइक को रुकवाकर उन्होंने लाठी-डंडों से हमला किया और दो मोबाइल फोन एक आईफोन और दूसरा मोटोरोला कंपनी का छीन लिया। साथ ही पर्स में रखे नगद रुपये और जरूरी कागजात भी लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के रास्तों, मोड़ों व संभावित भागने के मार्गों पर तलाशी अभियान चलाया। चूंकि यह इलाका दोनों थानों का सीमावर्ती क्षेत्र है, लिहाजा जांच में समन्वय की जरूरत बताई जा रही है। देर रात तक कोई संदिग्ध हाथ नहीं लगा।

पुलिस ने पीड़ितों से लिखित आवेदन मांगा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से तहकीकात की जा रही है और जल्द ही बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच यह लूटकांड कई सवाल खड़े कर रहा है खासकर सीमावर्ती और सुनसान इलाकों में रात की गश्त को लेकर। फिलहाल, इलाके में खौफ का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। 

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा