गोपालगंज मे निकली भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा जिला

स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी कड़ी में गोपालगंज जिले में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमे बिहार के कृषि मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए......

गोपालगंज मे निकली भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए प्रभारी म
तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मंत्री विजय कुमार सिन्हा- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : आजादी के राष्ट्रीय पर्व से ठीक एक दिन पहले गोपालगंज शहर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शुक्रवार को बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गोपालगंज जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा अपने एक दिवसीय दौरे पर गोपालगंज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर में आयोजित भव्य 'तिरंगा यात्रा' में शिरकत की और जिलावासियों के साथ कदम से कदम मिलाकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।


हाथों में तिरंगा और सिर पर राष्ट्रभक्ति, गूंजे भारत माता के जयकारे

तिरंगा यात्रा के दौरान शहर की सड़कों पर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। विशाल यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर हिस्सा लिया। 'भारत माता की जय' और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। लोगों की भारी भागीदारी ने आगामी राष्ट्रीय पर्व के प्रति जन-जन के उत्साह को साफ तौर पर प्रदर्शित किया।


विकास कार्यों और बाढ़-सुखाड़ की समीक्षा करेंगे मंत्री

तिरंगा यात्रा के समापन के पश्चात कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा समाहरणालय (Collectorate) परिसर में अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। 


इसके अतिरिक्त, मंत्री स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।


"राष्ट्र के सामने न राजनीति है और न परिवारवाद" - विजय सिन्हा

मीडिया से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तिरंगा देश के हर नागरिक के स्वाभिमान, सम्मान और सामूहिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब बात राष्ट्र की आती है, तो तिरंगे के सामने कोई राजनीति, परिवारवाद या व्यक्तिवाद मायने नहीं रखता। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी और युवाओं के मन में 'राष्ट्र प्रथम' (Nation First) की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट