Bihar News:कल तक लापता था युवक, आज चंवर में मिला शव, रहस्यमयी मौत से इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News:जिस युवक की तलाश में परिजन बीते कई दिनों से दर-दर भटक रहे थे, उसी युवक का शव चंवर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।....

Missing Youth Found Dead in Gopalganj Probe Underway
रहस्यमयी मौत से इलाके में दहशत- फोटो : reporter

Bihar News:जिस युवक की तलाश में परिजन बीते कई दिनों से दर-दर भटक रहे थे, उसी युवक का शव चंवर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला और रहस्यमयी मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मृतक की पहचान जिगना पंचायत के तोताराम टोला निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज कुछ समय से लापता था और परिजन उसकी तलाश में लगातार प्रयास कर रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह सकुशल लौट आएगा, लेकिन चंवर से शव मिलने की खबर ने उनकी सारी उम्मीदों को तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बसंतपुर चंवर के सुनसान इलाके में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना सबसे पहले ग्रामीणों को मिली। शव को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया।

सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह मीरगंज थानाध्यक्ष नीरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव मिलने की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया। लोगों के बीच यह सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है कि आखिर मनोज की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह रही।मामले को लेकर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत के पीछे छिपे सच से पर्दा उठा सकती हैं।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा