Bihar News: पटना-थावे इंटरसिटी का बदलेगा समय? शिक्षा मंत्री ने रेल राज्य मंत्री से की बड़ी मांग
Bihar News: पटना-थावे इंटरसिटी के परिचालन समय में बदलाव और यात्रा अवधि कम करने की मांग तेज हो गई है। ...
Bihar News: पटना-थावे इंटरसिटी के परिचालन समय में बदलाव और यात्रा अवधि कम करने की मांग तेज हो गई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दिल्ली प्रवास के दौरान बुधवार को रेल भवन में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से मुलाकात कर यात्रियों की सुविधा से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। उन्होंने पटना-थावे इंटरसिटी को सुबह के समय चलाने और वापसी सेवा को शाम में संचालित करने का आग्रह किया।
शिक्षा मंत्री ने मांग रखी कि ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 5 बजे रवाना हो और थावे जंक्शन से शाम 7 बजे खुले। फिलहाल इंटरसिटी पटना से दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर शाम 7 बजे थावे पहुंचती है। वापसी में ट्रेन रात 8:05 बजे थावे से खुलती है और तड़के 3:20 बजे पटना पहुंचती है। मंत्री का कहना है कि मौजूदा समय यात्रियों के लिए प्रतिकूल है और लंबी यात्रा अवधि के कारण भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है।
बैठक में गोपालगंज में रेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मंत्री ने गोपालगंज से दिल्ली समेत देश के प्रमुख महानगरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया। साथ ही गोरखपुर-गोपालगंज-मशरख होते हुए पटना तक वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग भी रखी।
इसके अलावा ताप्ती-गंगा एक्सप्रेस का सिधवलिया स्टेशन पर ठहराव, अमृत भारत योजना के तहत बैकुंठपुर और सिधवलिया स्टेशनों के विकास तथा दिघवा दुबौली में आरओबी और आरयूबी निर्माण में तेजी लाने का अनुरोध किया गया।मिथिलेश तिवारी ने सिधवलिया स्टेशन पर नवनिर्मित रैक प्वाइंट के उद्घाटन के लिए रेल राज्य मंत्री को आमंत्रित किया। रेल राज्य मंत्री ने मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए इन्हें जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा