Anant Singh: बाहुबली विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत, वायरल वीडियो विवाद में MP-MLA कोर्ट ने छोटे सरकार की गिरफ्तारी पर लगाई रोक, गोपालगंज केस से सियासत गरम

Anant Singh: गोपालगंज से जुड़े कथित वायरल वीडियो विवाद में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को एमपी-एमएलए विशेष अदालत से फिलहाल बड़ी राहत मिल गई है।

MP MLA Court Halts Arrest of Anant Singh in Viral Video Case
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर रोक- फोटो : reporter

Anant Singh: बिहार की राजनीति से जुड़ा एक बड़ा और हाई-प्रोफाइल मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। गोपालगंज से जुड़े कथित वायरल वीडियो विवाद में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को एमपी-एमएलए विशेष अदालत से फिलहाल बड़ी राहत मिल गई है। अदालत ने अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। यह मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमराव गांव में 2 मई को आयोजित एक उपनयन संस्कार समारोह से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह की मौजूदगी के दौरान कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें कथित तौर पर हथियार लहराने और आपत्तिजनक गानों पर प्रदर्शन के आरोप लगाए गए।

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी और जांच शुरू कर दी थी। मामला बढ़ते ही राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तर पर हलचल तेज हो गई।

इस पूरे प्रकरण में विधायक पक्ष की ओर से दलील दी गई कि वायरल वीडियो पूरी तरह संदिग्ध है और उसे एडिट किया गया हो सकता है। बचाव पक्ष ने कोर्ट में यह भी दावा किया कि वीडियो में आधुनिक तकनीक यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए छेड़छाड़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। साथ ही यह भी कहा गया कि वीडियो में किसी भी स्पष्ट रूप से हथियार की पुष्टि नहीं होती।

सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलों को विस्तार से सुनने के बाद अदालत ने फिलहाल अनंत सिंह के खिलाफ किसी भी कठोर कार्रवाई पर रोक लगा दी है। हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यह राहत केवल विधायक पर लागू होगी, जबकि इस मामले में नामजद अन्य आठ आरोपियों पर कार्रवाई जारी रह सकती है।मामले की अगली सुनवाई अब 30 मई को निर्धारित की गई है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। फिलहाल यह मामला सिर्फ एक कानूनी विवाद नहीं रह गया है, बल्कि बिहार की सियासत और सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट की विश्वसनीयता को लेकर भी बड़ी बहस का मुद्दा बन गया है, जो आने वाले दिनों में और भी गर्मा सकता है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा