Bihar News : गोपालगंज में शादी के दो महीने बाद नवविवाहिता की हुई संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया आरोप- कहा दहेज में गाड़ी न मिलने पर गला दबाकर मारा

Bihar News : गोपालगंज में शादी के महज एक-दो महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

Bihar News : गोपालगंज में शादी के दो महीने बाद नवविवाहिता की
विवाहिता की मौत - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के झुर्बाती दक्षिण टोला गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज एक-दो महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय ज्योति देवी के रूप में हुई है, जो मुन्ना राम की पत्नी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है।

मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल के लोग दहेज में गाड़ी की मांग कर रहे थे। जब यह मांग पूरी नहीं हो सकी, तो ज्योति को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा और अंततः इसी प्रताड़ना के कारण उसकी जान ले ली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जब मायके वाले झुर्बाती दक्षिण टोला गांव पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग ज्योति की गला दबाकर हत्या करने के बाद इसे सामान्य मौत साबित करने की कोशिश कर रहे थे। इतना ही नहीं, वारदात के बाद से ही ससुराल पक्ष के कई अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिससे परिजनों का शक और भी ज्यादा गहरा गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बैकुंठपुर थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ 2 सिधवलिया, राजेश कुमार ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष से मिले आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति मुन्ना राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

नमो नारायण की रिपोर्ट