Bihar News : गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र में NIA की छापेमारी से मचा हड़कंप, स्थानीय पुलिस के साथ जांच में जुटी टीम

Bihar News : गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के तुरकहा इलाके में सोमवार को NIA की टीम ने छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.......पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र में NIA की छापेमारी स
एनआईए की छापेमारी - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरकहा इलाके में सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने अचानक छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसी की इस अप्रत्याशित कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान एनआईए की विशेष टीम ने स्थानीय नगर थाना पुलिस के सहयोग से संबंधित संदिग्ध ठिकाने की घेराबंदी की। 

टीम ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच-पड़ताल की और संदिग्धों से जुड़े इनपुट्स को खंगाला। फिलहाल केंद्रीय एजेंसी की यह छापेमारी किस विशिष्ट मामले से जुड़ी है और तलाशी के दौरान क्या-क्या सामग्री बरामद हुई है, इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार, जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मामले की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

गोपालगंज जिला पहले भी राष्ट्रीय जांच एजेंसी के रडार पर रहा है। इससे पूर्व एनआईए की टीम यहां अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और कंबोडिया में संचालित संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े गंभीर मामलों में कई बार बड़ी कार्रवाइयां और गिरफ्तारियां कर चुकी है।

अचानक हुई इस सघन छापेमारी को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक महकमे में सतर्कता बढ़ा दी गई है। आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती रही और स्थानीय लोग केंद्रीय एजेंसी की इस बड़ी कार्रवाई की वजह जानने को लेकर उत्सुक दिखे।

नमो नारायण की रिपोर्ट