Bihar News : बिहार में एक बार फिर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा करोड़ों का पुल, ढलाई के दौरान ही भरभराकर गिरा ढांचा, बाल-बाल बचे मजदूर

Bihar News : बिहार में एक बार फिर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा कर

GOPALGANJ : जिले में करोड़ों की लागत से बन रहा पुल ढलाई के दौरान ही भरभराकर गिर गया। इस घटना के बाद विकास कार्यों की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सिधवलिया प्रखंड के गंगवा गांव में घोघारी नदी पर बन रहा आरसीसी पुल अचानक जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि मजदूर बाल-बाल बच गए। 

बता दें की करीब 29 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण 2 करोड़ 89 लाख से ज्यादा की लागत से कराया जा रहा था। 27 फरवरी को पहले स्पैन की ढलाई पूरी हुई थी, जबकि 28 फरवरी को दूसरे स्पैन की ढलाई के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और स्लैब का हिस्सा धंस गया। देखते ही देखते अर्धनिर्मित पुल का बड़ा हिस्सा नीचे गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूर किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले। ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री और कमजोर सरिया के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। 

लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सेटिंग के दौरान जंग लगे पाइपों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। तकनीकी लापरवाही के कारण पुल ढहने की पुष्टि हुई है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई और संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी है। 

अब सवाल यह है कि करोड़ों की लागत से बन रहे विकास कार्यों की निगरानी आखिर कौन करेगा? और क्या इस बार जिम्मेदारों पर सच में कार्रवाई होगी?

नमो नारायण की रिपोर्ट