Bihar News : गोपालगंज में केले की आड़ में शराब तस्करी का पुलिस ने किया खुलासा, 15 लाख की विदेशी शराब किया जब्त, मौके से तस्कर को दबोचा
Bihar News :गोपालगंज में उत्पाद विभाग की टीम ने केले से लदी एक संदिग्ध पिकअप की तलाशी ली, जिसके दौरान केले के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 794 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
GOPALGANJ : गोपालगंज में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां तस्करों ने शराब की खेप को केले के नीचे छिपाकर ले जाने का नया तरीका अपनाया था, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी मोड़ के समीप छापेमारी कर केले से लदी एक संदिग्ध पिकअप की तलाशी ली गई। इस दौरान केले के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 794 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
दरअसल, शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग की टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में विभिन्न चेक पोस्टों पर भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के मुताबिक, भिंगरी और एक अन्य चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। साथ ही 26.8 लीटर देसी शराब बरामद की गई है।
वहीं, मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी मोड़ के समीप गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली। पिकअप में ऊपर से केले लदे हुए थे, लेकिन जब टीम ने सघन तलाशी ली तो केले के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान करीब 794 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी सीवान जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रही है। शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालने में विभाग जुटा हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
नमो नारायण की रिपोर्ट