JDU MLA Fraud Case:जदयू विधायक पप्पू पांडेय को कोर्ट से मिली बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर रोक बरकरार, 16 एकड़ जमीन फर्जीवाड़ा केस में 19 मई को फिर होगी सुनवाई

JDU MLA Fraud Case: गोपालगंज से जुड़े चर्चित जमीन फर्जीवाड़ा मामले में जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय को फिलहाल बड़ी राहत मिली है।...

Relief for JDU MLA Pappu Pandey in Land Scam Case
जदयू विधायक पप्पू पांडेय को कोर्ट से मिली बड़ी राहत- फोटो : social Media

JDU MLA Fraud Case:  गोपालगंज से जुड़े चर्चित जमीन फर्जीवाड़ा मामले में जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को बरकरार रखा है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 19 मई को होगी।

गुरुवार को गोपालगंज कोर्ट में इस हाई-प्रोफाइल केस को लेकर कई घंटे तक बहस चली। विधायक पप्पू पांडेय के साथ-साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी की अग्रिम जमानत याचिका पर भी सुनवाई हुई। अदालत ने दोनों मामलों की अगली तारीख 19 मई तय की है।

पूरा मामला कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में करीब 16 एकड़ जमीन के कथित फर्जीवाड़े और कब्जे से जुड़ा है। आरोप है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर कर अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई। इस मामले में विधायक पप्पू पांडेय, सतीश पांडेय, राहुल तिवारी समेत कुल सात लोगों को नामजद किया गया है।

मामले के सामने आने के बाद से ही जिले की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष लगातार जदयू विधायक पर निशाना साध रहा है, जबकि समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। कोर्ट परिसर में सुनवाई के दौरान भारी हलचल देखने को मिली और दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ भी मौजूद रही।

फिलहाल अदालत से गिरफ्तारी पर रोक मिलने के बाद विधायक खेमे ने राहत की सांस ली है, लेकिन 19 मई की सुनवाई पर अब सबकी नजरें टिक गई हैं। माना जा रहा है कि अगली तारीख पर कोर्ट इस मामले में अहम फैसला ले सकता है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा