Bihar Road Accident:गोपालगंज में आधी रात बड़ा हादसा टला, बेकाबू स्कॉर्पियो गंडक नहर में समाई, चालक रहस्यमय ढंग से लापता

Bihar Road Accident: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गंडक नहर में जा गिरी।...

Scorpio Plunges Into Gandak Canal Driver Missing
गोपालगंज में आधी रात बड़ा हादसा टला- फोटो : reporter

Bihar Road Accident:गोपालगंज में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गंडक नहर में जा गिरी। यह घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र के बघउच गंडक नहर पुल के समीप सोमवार देर रात करीब 2 बजे हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के घायल या हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। बारिश के बीच स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद नहर में डूबी स्कॉर्पियो को बाहर निकाला गया। तेज बारिश और फिसलन के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन आखिरकार वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन नहर में गिरने से पहले ही चालक किसी तरह बाहर निकल गया था। हालांकि चालक घटनास्थल पर नहीं मिला, जिससे पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा महज दुर्घटना था या इसके पीछे कोई और वजह है।

जांच के दौरान स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-28P-3165 मिला है। इसी आधार पर पुलिस वाहन के मालिक और चालक की पहचान करने में जुटी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चालक की तलाश की जा रही है। सौभाग्य से इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन आधी रात हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा