JDU विधायक पप्पू पांडेय को कोर्ट से फिर मिली राहत, गिरफ्तारी पर रोक बरकरार,लगे हैं यह आरोप

JDU MLA: अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय से जुड़े जमीन विवाद मामले में अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को बरकरार रखा।

Stay on JDU MLA Pappu Pandey Arrest Extended
JDU विधायक पप्पू पांडेय को कोर्ट से फिर मिली राहत- फोटो : social Media

JDU MLA:गोपालगंज की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय से जुड़े जमीन विवाद मामले में अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को बरकरार रखा। अब इस मामले की अगली सुनवाई 27 मई को होगी, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है।

यह मामला कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र के बेलवा इलाके में करीब 16 एकड़ जमीन पर कथित कब्जा और धमकी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि विधायक और उनके सहयोगियों ने भू-माफियाओं को संरक्षण दिया और जमीन संबंधी अवैध गतिविधियों में मदद की, जिसके बाद यह विवाद गंभीर कानूनी रूप में सामने आया।

इस मामले में आरोपी बनाए गए सतीश पांडेय और सीए राहुल तिवारी को अग्रिम जमानत नहीं मिल सकी है। उनके खिलाफ गिरफ्तारी की तलवार अभी भी लटक रही है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। सूत्रों के अनुसार, जांच के बाद कोर्ट की ओर से वारंट जारी किया गया था, लेकिन फिलहाल उस पर रोक लगा दी गई है। अदालत के इस निर्णय के बाद सभी पक्षों की निगाहें 27 मई की सुनवाई पर टिक गई हैं।

अमरेंद्र कुमार पांडेय बिहार की राजनीति में एक मजबूत और लंबे समय से सक्रिय चेहरा माने जाते हैं। वे कुचायकोट विधानसभा सीट से लगातार छह बार विधायक चुने गए हैं। उनका राजनीतिक सफर विभिन्न दलों और निर्दलीय राजनीति से शुरू होकर अब जनता दल यूनाइटेड तक पहुंचा है।

उनके परिवार का प्रभाव गोपालगंज के साथ-साथ आसपास के जिलों सीवान और देवरिया तक माना जाता है। उनके बड़े भाई और अन्य परिजन भी लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। फिलहाल इस मामले ने क्षेत्रीय राजनीति में गर्माहट बढ़ा दी है। एक ओर जहां समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच और कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है। 27 मई की सुनवाई को इस पूरे मामले में बेहद अहम माना जा रहा है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट- नमोनारायण णिश्रा