Bihar News : थावे मंदिर में लौटी माता की रौनक, कोर्ट के आदेश पर मंदिर प्रबंधन को सौंपे गए चोरी हुए स्वर्ण आभूषण, एसपी विनय तिवारी ने की विशेष पूजा
GOPALGANJ : जिले के प्रसिद्ध शक्ति पीठ थावे दुर्गा मंदिर में 17/18 दिसंबर 2025 को हुई चोरी की बड़ी घटना के बाद आज एक महत्वपूर्ण दिन रहा। न्यायालय के आदेश पर माता रानी के चोरी हुए सोने-चांदी के मुकुट, हार और छतरी के टुकड़ों को विधिवत मंदिर प्रबंधन समिति को सौंप दिया गया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दरअसल, बीते 17/18 की रात दिसंबर 2025 की रात को थावे दुर्गा मंदिर परिसर में अज्ञात चोरों ने माता रानी के बहुमूल्य आभूषणों की चोरी कर ली थी। इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी गए सभी आभूषणों को बरामद कर लिया। बरामद किए गए आभूषणों में माता रानी के सोने-चांदी के मुकुट, हार और छतरी के टुकड़े शामिल थे।
मामले की जांच पूरी होने के बाद न्यायालय द्वारा रिलीज ऑर्डर जारी किया गया, जिसके बाद विधिवत प्रक्रिया के तहत अनुसंधानकर्ता से आभूषण प्राप्त कर मंदिर प्रशासन को सौंपा गया। आभूषण सौंपने की प्रक्रिया के दौरान थावे मंदिर के मुख्य पुजारी, श्री श्री माँ दुर्गा मंदिर न्यास समिति थावे के व्यवस्थापक अमरेन्द्र दुबे और समिति सदस्य ओमप्रकाश राय मौजूद रहे। पूरे प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था के बीच आभूषणों को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इसके बाद एसपी विनय तिवारी स्वयं मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और माता रानी को पुनः सभी आभूषण अर्पित किए। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाए और पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि बीते “17/18 दिसंबर 2025 की रात को थावे दुर्गा मंदिर परिसर में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में सभी आभूषणों को बरामद कर लिया गया था। न्यायालय के आदेश के बाद रिलीज ऑर्डर जारी हुआ और अनुसंधानकर्ता के माध्यम से सभी आभूषण मंदिर समिति को सौंप दिए गए हैं। आज हम मंदिर पहुंचे थे, जहां विधिवत प्रक्रिया के तहत समिति के सामने आभूषण प्रस्तुत कर माता रानी को समर्पित किया गया है।”
मंदिर प्रबंधन समिति ने पुलिस प्रशासन और न्यायालय का आभार व्यक्त किया है। समिति के सदस्यों ने कहा कि यह आस्था से जुड़ा मामला था और पुलिस की तत्परता से श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत हुआ है। फिलहाल, थावे दुर्गा मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। चोरी के इस चर्चित मामले में आभूषणों की बरामदगी और पुनः स्थापना से श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है।
नमो नारायण की रिपोर्ट