रेलवे का यात्रियों को बड़ा तोहफा, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से जुडी मांग पूरी, बिहार के इस स्टेशन को बड़ा फायदा
गोपालगंज जिले के दीघवा दुबौली रेलवे स्टेशन पर अब सूरत-थावे ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का ठहराव होगा। रेलवे प्रशासन ने प्रायोगिक आधार पर इस ट्रेन को स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉपेज देने की मंजूरी दी है
Bihar News : गोपालगंज वासियों के लिए रेलवे की ओर से बड़ी खुशखबरी आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने सूरत-थावे ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का ठहराव अब दीघवा दुबौली रेलवे स्टेशन पर भी देने का फैसला किया है। इस निर्णय से बैकुंठपुर, सिधवलिया और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों, प्रवासी मजदूरों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब सूरत जाने के लिए उन्हें दूर के स्टेशनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। रेलवे ने ट्रेन के ठहराव का समय भी जारी कर दिया है।
गोपालगंज जिले के दीघवा दुबौली रेलवे स्टेशन पर अब सूरत-थावे ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का ठहराव होगा। रेलवे प्रशासन ने प्रायोगिक आधार पर इस ट्रेन को स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉपेज देने की मंजूरी दी है। वर्षों से स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि इस मांग को उठा रहे थे, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
इस फैसले से बैकुंठपुर, सिधवलिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को सबसे अधिक फायदा होगा। बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यवसाय और कपड़ा कारोबार के सिलसिले में गुजरात के सूरत शहर में रहते हैं। अब उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए थावे, छपरा या अन्य स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, सूरत से थावे जाने वाली 19045 ताप्ती गंगा एक्सप्रेस शाम 7 बजकर 20 मिनट पर दीघवा दुबौली स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 7 बजकर 22 मिनट पर थावे के लिए रवाना होगी। वहीं 19046 ताप्ती गंगा एक्सप्रेस थावे से सूरत जाते समय सुबह 6 बजकर 28 मिनट पर स्टेशन पहुंचेगी और 6 बजकर 30 मिनट पर आगे की यात्रा के लिए रवाना हो जाएगी।
रेलवे के इस फैसले से न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे गोपालगंज के लिए बड़ी सौगात बताया है। दीघवा दुबौली स्टेशन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के ठहराव से अब गोपालगंज के हजारों यात्रियों को सूरत जाने के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सकेगी।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट