Bihar Road Accident : गोपालगंज में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शिक्षिका की हुई मौत, पति गंभीर रूप से हुआ जख्मी
Bihar Road Accident : गोपालगंज में सड़क हादसे में एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.......पढ़िए आगे
GOPALGANJ : जिले के मांझा थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़कुईया मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूल से छुट्टी होने के बाद दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।मृतक शिक्षिका की पहचान 50 वर्षीय शांति प्रभा के रूप में हुई है, जो लँगटु हाता स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पदस्थापित थीं। जानकारी के अनुसार, स्कूल में छुट्टी होने के बाद वह अपने पति विजय कुमार राम के साथ बाइक से वापस घर जा रही थीं। जैसे ही वे मांझा थाना क्षेत्र के भड़कुईया मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
अस्पताल ले जाने के दौरान शिक्षिका की मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद शिक्षिका शांति प्रभा को मृत घोषित कर दिया।
पति का इलाज जारी, परिजनों में मचा कोहराम
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए शिक्षिका के पति विजय कुमार राम का इलाज सदर अस्पताल गोपालगंज में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। घटना की खबर मिलते ही शिक्षिका के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों और स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। मांझा थाना पुलिस का कहना है कि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नमो नारायण की रिपोर्ट