Bihar Road Accident: गोपालगंज में दर्दनाक सड़क हादसा! स्कॉर्पियो पलटने से एक युवक की मौत, 5 घायल
गोपालगंज में मौत का तांडव! दरभंगा से गोरखपुर जा रही स्कॉर्पियो पलटी, एक युवक की दर्दनाक मौत, 5 की हालत गंभीर, सड़क पर मचा कोहराम
Bihar Road Accident: गोपालगंज से इस वक्त की सबसे दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां मांझा थाना क्षेत्र में कोइनी मस्जिद के पास एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दरभंगा से गोरखपुर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, दरभंगा जिले के रहने वाले छह लोग स्कॉर्पियो वाहन से गोरखपुर की ओर रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि उस्मान गनी अपने बीमार साले से मिलने गोरखपुर जा रहे थे और उनके साथ उनके कुछ दोस्त भी सफर में शामिल थे। सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन मांझा थाना क्षेत्र के कोइनी मस्जिद के समीप अचानक वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो सड़क किनारे पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन कई बार पलटा और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद अब्दुल्ला शेख को मृत घोषित कर दिया। बाकी पांच घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
जैसे ही हादसे में मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों का हाल देखकर माहौल और भी गमगीन हो गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और वाहन का अचानक नियंत्रण खोना इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है। जहां एक तरफ एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, वहीं पांच अन्य लोग जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में शोक और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा