Bihar News : गोपालगंज में स्कूल से लौटकर तालाब में नहाने गए दो छात्रों की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News : गोपालगंज में स्कूल से लौटकर तालाब में नहाने गए दो छात्रों की डूबने से मौत हो गयी. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.......पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज में स्कूल से लौटकर तालाब में नहाने गए
डूबने से छात्रों की मौत - फोटो : SOCIAL MEDIA

GOPALGANJ : जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ तालाब में नहाने के दौरान दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के सरेया (वार्ड नंबर 5) निवासी नागेंद्र शर्मा के 11 वर्षीय पुत्र करण कुमार और मांझागढ़ के देवापुर जाफर टोला निवासी सुखदेव शर्मा के 12 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। इस दोहरी मौत के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया है।

स्कूल से लौटते वक्त हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर दोनों छात्र स्कूल से घर लौट रहे थे। रास्ते में देवापुर जाफर टोला गांव के समीप स्थित एक तालाब को देख दोनों का मन नहाने का हुआ। नहाने के दौरान वे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए। डूबते हुए बच्चों को देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

परिजनों के चीत्कार से गूंजा अस्पताल परिसर

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। जैसे ही मौत की खबर परिजनों तक पहुँची, घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों के करुण क्रंदन और चीत्कार से वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

गांव में पसरा सन्नाटा

एक साथ दो मासूमों की मौत से देवापुर जाफर टोला और सरेया वार्ड नंबर 5 में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे मिलनसार थे और पढ़ाई में भी अच्छे थे। उनकी अकाल मृत्यु ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

पुलिस की कार्रवाई और अपील

मांझागढ़ थाना पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यूडी केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों को गहरे जलाशयों या तालाबों के पास अकेले न जाने दें, खासकर गर्मी के मौसम में जब बच्चे नहाने के लिए पानी की ओर आकर्षित होते हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है। 

नमो नारायण की रिपोर्ट