गोपालगंज के बैकुंठपुर में जमींदारी बांध टूटा : चार पंचायतों में घुसा बाढ़ का पानी, डीएम-एसपी ने लिया हालात का जायजा

गोपालगंज जिले में जमींदारी बांध के अचानक टूटने से बैंकठपुर के चार पंचायत जलमग्न हो गए है। सूचना के बाद डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंच हालात का जायजा लिया है। प्रशासन द्वारा राहत-बचाव कार्य शुरु कर दिया गया है....

गोपालगंज के बैकुंठपुर में जमींदारी बांध टूटा : चार पंचायतों
गोपालगंज के बैकुंठपुर में जमींदारी बांध टूटा- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के बैकुंठपुर प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर में बुधवार सुबह करीब सात बजे जमींदारी बांध अचानक टूट गया। बांध टूटने से नदी का पानी निचले इलाकों और आसपास की करीब चार पंचायतों में तेजी से फैल गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों को तुरंत सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया।


राहत-बचाव कार्य शुरू, कम्युनिटी किचन और मेडिकल टीम तैनात

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी समीर सौरव और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। डीएम समीर सौरव ने बताया कि प्रभावित चार पंचायतों में तत्काल प्रभाव से कम्युनिटी किचन (सामुदायिक रसोई) शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को पॉलिथीन शीट्स और अन्य जरूरी राहत सामग्री बांटी जा रही है तथा मेडिकल टीमों को लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए तैनात कर दिया गया है।


जलस्तर में गिरावट जारी, ओवरफ्लो सड़कों पर आवागमन नियंत्रित

जिलाधिकारी ने बताया कि उफान के बाद अब बाढ़ के पानी का जलस्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हो गया है। उन्होंने जानकारी दी कि कुचायकोट इलाके में भी पानी का स्तर घटा है और अगले कुछ घंटों में शीतलपुर क्षेत्र में भी स्थिति में सुधार की उम्मीद है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिन सड़कों पर पानी ओवरफ्लो कर रहा है, वहां आवागमन को नियंत्रित किया गया है ताकि पानी का बहाव कम होने पर ही लोग सुरक्षित आवाजाही कर सकें।


तटबंधों पर बढ़ाई गई पुलिस गश्त, कई दिनों तक तैनात रहेगा बल

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि जलस्तर बढ़ने के साथ ही सभी संवेदनशील तटबंधों की निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। चौकीदार, थानाध्यक्ष से लेकर डीएसपी स्तर के अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में अगले कई दिनों तक पुलिस बल की मौजूदगी बनी रहेगी ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और राहत कार्य सुचारु रूप से चल सकें।


अधिकारियों ने ग्रामीणों को दिया मदद का भरोसा

स्थल निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सरकारी मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल पूरा प्रशासनिक अमला स्थिति पर बारीक नजर रखे हुए है।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट