Bihar News : जमुई में मंत्री श्रेयसी सिंह के कड़े तेवर के बाद डॉ. शालिनी सिंह पर एक्शन, निजी क्लिनिक पर SDM ने की छापेमारी
Bihar News : मंत्री श्रेयसी सिंह के कड़े तेवर के बाद डॉ शालिनी सिंह के निजी क्लिनिक पर छापेमारी की गयी है. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे
JAMUI : जमुई सदर अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत के बाद भड़का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह हुई इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों द्वारा किए गए भारी हंगामे के बीच जमुई की स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार की मंत्री श्रेयशी सिंह अचानक सदर अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल परिसर में बदहाली और अधिकारियों की लापरवाही देखकर मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. थनीश कुमार को जमकर फटकार लगाते हुए कड़ी कार्रवाई का स्पष्ट निर्देश दिया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री श्रेयशी सिंह इसके बाद सीधे जिलाधिकारी आवास पहुंचीं और डीएम को भी मामले में त्वरित व सख्त एक्शन लेने का कड़ा निर्देश दिया। मंत्री के कड़े रुख के बाद जमुई जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और पूरे मामले में कड़ा रुख अख्तियार कर लिया। इसी कड़ी में रविवार शाम करीब 7 बजे अनुमंडल अधिकारी (SDO) सौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासनिक टीम ने ड्यूटी से गायब रहने की आरोपी महिला डॉक्टर शालिनी सिंह के खैरा मोड़ स्थित निजी क्लिनिक पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन के आला अधिकारी और पुलिस बल निजी क्लिनिक पर डेरा जमाए हुए हैं तथा क्लिनिक के कागजात व अन्य गतिविधियों की गहनता से जांच की जा रही है।
उधर, जिला प्रशासन द्वारा की जा रही इस ताबड़तोड़ छापेमारी की कार्रवाई पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने गहरा एतराज जताया है। प्रशासनिक सख्ती के विरोध में IMA के डॉक्टरों का एक शिष्टमंडल जमुई के जिलाधिकारी नवीन से मुलाकात करने उनके सरकारी आवास पर पहुंचा है। डॉक्टरों का दल इस पूरे मामले में अपना पक्ष रखने और प्रशासनिक कार्रवाई पर असंतोष दर्ज कराने गया है।
हालांकि, देर शाम तक चली इस प्रशासनिक छापेमारी और गहमागहमी के बीच आधिकारिक तौर पर किसी अंतिम निष्कर्ष की घोषणा नहीं की जा सकी है, लेकिन जिस तरह से SDO के नेतृत्व में छापेमारी जारी है, उससे साफ जाहिर होता है कि जिला प्रशासन लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ बेहद कड़े और दंडात्मक मूड में नजर आ रहा है।
सुमित की रिपोर्ट