Bihar MLC Election: जमुई में मतदान केंद्र के बाहर BJP प्रत्याशी का पोस्टर लगाने पर विवाद, अधिकारी की चेतावनी के बाद हटाया गया बैनर
Bihar MLC Election: बिहार के जमुई में मतदान केंद्र के बाहर बीजेपी प्रत्याशी का फोटोयुक्त पोस्टर लगाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है।...
Bihar MLC Election: बिहार के जमुई में मतदान केंद्र के बाहर बीजेपी प्रत्याशी का फोटोयुक्त पोस्टर लगाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। जमुई शहर स्थित अंचल कार्यालय के मतदान केंद्र संख्या 146 के बाहर कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. एनके यादव का पोस्टर लगाए जाने पर वहां मौजूद अधिकारी ने आपत्ति जताई। अधिकारी की चेतावनी के बाद पोस्टर को हटा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।जानकारी के मुताबिक, मतदान केंद्र संख्या 146 पर कुल 615 मतदाता हैं। मतदान के दौरान केंद्र के बाहर उम्मीदवार की तस्वीर वाला पोस्टर लगाकर मतदाताओं को पर्ची बांटी जा रही थी। इसी बीच मौके पर पहुंचे अधिकारी ने पोस्टर लगाने पर नाराजगी जताई और संबंधित लोगों को उसे हटाने का निर्देश दिया।
तीसरी बार मना करने पर कार्रवाई की चेतावनी
सामने आए वीडियो में अधिकारी पोस्टर लगाने वाले लोगों को चेतावनी देते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में अधिकारी कहते नजर आ रहे हैं कि बार-बार मना करने के बावजूद तीसरी बार पोस्टर लगाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के आसपास पोस्टर और बैनर लगाना प्रतिबंधित है। साथ ही, दोबारा ऐसा किए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।अधिकारी की सख्ती के बाद पोस्टर को फिर से हटाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मतदान केंद्र के आसपास चुनाव प्रचार से जुड़े नियमों के पालन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

आदर्श आचार संहिता के पालन पर सवाल
मतदान केंद्र के बाहर उम्मीदवार की तस्वीर वाले पोस्टर के साथ मतदाताओं को पर्ची बांटे जाने की घटना ने निर्वाचन व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, पोस्टर किसकी अनुमति से लगाया गया था और संबंधित स्थान पर इसे लगाने की अनुमति थी या नहीं, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।घटना के दौरान बूथ पर मौजूद अधिकारी इस मामले पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए। गिद्धौर प्रखंड की अंचल अधिकारी आरती भूषण से भी इस संबंध में सवाल किया गया, लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

जिलाधिकारी ने जांच कराने की बात कही
मामले पर जमुई के जिलाधिकारी ने जांच कराने की बात कही है। निर्वाचन नियमों के तहत मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध रहता है। ऐसे में यह जांच जरूरी होगी कि पोस्टर निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र के भीतर लगाया गया था या नहीं और इस मामले में किन नियमों का उल्लंघन हुआ।फिलहाल, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन की जांच में पोस्टर की जगह, उसे लगाने की परिस्थितियों और संबंधित निर्वाचन नियमों के पालन की स्थिति महत्वपूर्ण होगी।
रिपोर्ट- सुमित सिंह