Bihar News : जमुई में ‘हवाई चप्पल’ ने छिनतई गिरोह का किया पर्दाफाश, शातिर अपराधी को पुलिस ने बेगूसराय से किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में नगद किया बरामद
Bihar News : जमुई पुलिस ने अपराधी को घटनास्थल से मिले सबूतों और उसकी 'हवाई चप्पल' के आधार पर दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से ₹1750 की नकदी भी बरामद की है।
JAMUI : इन दिनों बिहार के जमुई जिले के विभिन्न इलाकों में छिनतई की लगातार हो रही वारदातों से आम जनता के बीच भारी दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कभी बैंक से रुपये निकालकर जा रहे रेलकर्मियों को, तो कभी राह चलती महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है। सड़कों पर सरेआम हो रही इन घटनाओं के कारण आम लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं।
17 अप्रैल की लूट की घटना का विवरण
इसी कड़ी में बीते 17 अप्रैल को झाझा थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से एक बड़ी छिनतई की घटना सामने आई थी। संसारपुर निवासी विशुनदेव यादव बैंक से दो लाख रुपये की निकासी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एकडारा चौक के समीप उन्हें रोक लिया और रुपयों से भरा थैला छीनकर रफूचक्कर हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पीड़ित ने स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया था।
हवाई चप्पल और वैज्ञानिक साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी
घटना के बाद से ही जमुई पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक कड़ियों की मदद से अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले सनी मिश्रा नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से मिले सबूतों और उसकी 'हवाई चप्पल' के आधार पर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से ₹1750 की नकदी भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपना गुनाह
कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी सनी मिश्रा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने खुलासा किया कि वह 17 अप्रैल को अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से झाझा पहुँचा था। वे सभी बैंक के अंदर जाकर मोटी रकम निकालने वाले ग्राहकों की रेकी (टारगेट) कर रहे थे। उन्होंने पहले पीड़ित विशुनदेव यादव को दुर्गा मंदिर चौक के पास घेरने की कोशिश की थी, लेकिन वहाँ असफल रहने के बाद अपराधियों ने आगे बढ़कर एकडारा चौक के पास छिनतई की इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस और आम जनता से अपील
जमुई के डीएसपी राजेश कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस अंतरजिला गिरोह में कई अन्य अपराधी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी और लूटे गए दो लाख रुपये की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही डीएसपी ने आम जनता से अपील की है कि बैंकों से बड़ी रकम निकालते समय पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कुमार हर्ष की रिपोर्ट