Bihar Crime : जमुई पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में दो अपराधियों को किया गिरफ्तार, हथियार और जिंदा कारतूस किया बरामद
Bihar Crime : जमुई पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने हथियार और जिंदा कारतूस जब्त किया है.....पढ़िए आगे
JAMUI : जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदरा थाना पुलिस एवं एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से तीन देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पहली कार्रवाई में सिकंदरा थाना पुलिस ने रात्रि में चलाए जा रहे "रोको-टोको अभियान" के दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति छोटन यादव, पिता रामदेव यादव, निवासी मानपुर, थाना चंद्रदीप, जिला जमुई को शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस (.315 बोर), एक मोबाइल फोन तथा एक बाइक बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में सिकंदरा थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पंचमहुआ निवासी सूरज कुमार, पिता बाल्मिकी यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा एवं .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार एवं कारतूस जब्त कर आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए अग्रसारित कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रवीण दुबे की रिपोर्ट