Bihar News : जमुई में छात्रा की मौत के बाद बवाल, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव मामले में 11 उपद्रवी गिरफ्तार, 77 पर दर्ज हुआ एफआईआर

Bihar News : जमुई में पुलिस पर हमला करने के आरोप में 32 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 45 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है.......पढ़िए आगे

Bihar News : जमुई में छात्रा की मौत के बाद बवाल, पुलिस वाहनो
उपद्रवियों पर एफआईआर - फोटो : SUMIT

JAMUI : जिले के खैरा थाना क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से 10वीं कक्षा की छात्रा मुस्कान कुमारी की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल कायम है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर बवाल काटा था। इस दौरान कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई और जमकर पथराव की घटना को अंजाम दिया गया था। इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी कार्रवाई करते हुए अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपियों की पहचान कर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में 32 लोगों को नामजद और 45 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले मे खैरा थाना प्रभारी मिंटू सिंह ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 190, 191(2), 191(3), 115(2), 117(2), 126(2), 132, 109 (1), 121(1), 121(2), 329(4), 351(2), 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वही अब घटना के बाद खैरा बाजार में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से शांति बनाए रखने की अपील की है। मृतका के परिजनों से मिलकर उन्हें हरसंभव मदद और इंसाफ का भरोसा दिलाया गया है। 

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून को हाथ में न लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुमित की रिपोर्ट