Bihar News: शाहिना मर्डर केस में CCTV में दिखा संदिग्ध युवक, कातिल पुलिस की पकड़ से अब भी दूर

Bihar News:तीसरी कक्षा की मासूम छात्रा शाहिना की हत्या के 72 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।...

Bihar News: शाहिना मर्डर केस में CCTV में दिखा संदिग्ध युवक,
पुलिस के हाथ खाली- फोटो : SUMIT

JAMUI : जमुई टाउन थाना क्षेत्र के नीमारंग मोहल्ले में तीसरी कक्षा की मासूम छात्रा शाहिना की हत्या के 72 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बच्ची पहले लापता हुई और अगले ही दिन उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए जमुई एसपी से लेकर टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सुराग जुटाने के लिए FSLकी टीम और डॉग स्क्वाड को भी लगाया गया, लेकिन तमाम कवायद के बावजूद हत्या की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं सकी है।

मामले में पुलिस की तफ्तीश पर सबसे बड़ा सवाल उस CCTV फुटेज को लेकर उठ रहा है, जो सोशल मीडिया पर सामने आया है। फुटेज में एक युवक बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। अगर फुटेज की पुष्टि होती है तो यह जांच के लिए अहम कड़ी साबित हो सकती है। इसके बावजूद घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस उस संदिग्ध युवक तक नहीं पहुंच सकी है।

मासूम की हत्या के बाद नीमारंग मोहल्ले में खौफ और मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों में दहशत का आलम यह है कि अभिभावक अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं। मोहल्ले में हर शख्स के जेहन में एक ही सवाल घूम रहा है—आखिर मासूम शाहिना को कौन अपने साथ ले गया और किसने उसकी जान ली?

घटना के बाद पुलिस की ओर से लगातार कहा गया कि मामले को बेहद संवेदनशीलता से लिया गया है और पुलिस की टीमें दिन-रात जांच में जुटी हैं। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वाड की मदद भी ली गई। लेकिन 72 घंटे बीत जाने के बाद भी किसी ठोस नतीजे का सामने नहीं आना पुलिसिया कार्रवाई की रफ्तार पर सवाल खड़े कर रहा है।

सबसे गंभीर बात यह है कि मासूम बच्ची की हत्या जैसी संगीन वारदात में अगर CCTV फुटेज में दिख रहे संदिग्ध को लेकर भी पुलिस अब तक निर्णायक कार्रवाई नहीं कर पाई है, तो लोगों का भरोसा डगमगाना स्वाभाविक है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज की प्रामाणिकता और उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की ओर से सामने नहीं आई है। अब जमुई पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है एक तरफ हत्यारे तक पहुंचना और दूसरी तरफ डरे-सहमे लोगों के बीच भरोसा कायम करना। मासूम शाहिना के हत्यारे कब कानून के शिकंजे में आएंगे, यही सवाल फिलहाल पुलिस की तफ्तीश और पूरे नीमारंग मोहल्ले की बेचैनी का केंद्र बना हुआ है।

सुमित सिंह की रिपोर्ट