Jamui Students: NEET पेपर लीक के विरोध में बवाल, जमुई में पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी, 6 गिरफ्तार

Jamui Students: नीट पेपर लीक के विरोध में जमुई में छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने महिसौरी चौक पर पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया और शांति बनाए रखने की अपील की।

Jamui Students

Jamui Students: नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन अब जमुई जिले तक पहुंच गया है। इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को कुछ छात्र संगठनों ने शहर के कचहरी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

शुरुआत में यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। छात्र अपनी मांगों को लेकर नारे लगा रहे थे और अपनी बात रख रहे थे। लेकिन इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व प्रदर्शन कर रहे छात्रों की भीड़ में शामिल हो गए और माहौल खराब करने की कोशिश की।

पुलिस की कार्रवाई के बाद उपद्रवी भाग गए

जानकारी के अनुसार, महिसौरी चौक पर कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने वहां लगी पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और उसे नुकसान पहुंचाया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और उपद्रव कर रहे लोगों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद उपद्रवी वहां से भाग गए। इस दौरान पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हंगामा करने वाले लोग कौन थे और उनका उद्देश्य क्या था। वहीं जिले में लगातार बढ़ रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए जमुई पुलिस ने लोगों के लिए एक सार्वजनिक अपील भी जारी की है। पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से शांति बनाए रखने और अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अनुरोध किया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी अपील 

जिला प्रशासन की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी मांग और विचार रखने का अधिकार है। प्रशासन ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए सभी को कानून का पालन करते हुए अपनी बात रखनी चाहिए। जमुई पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए उनके फोटो भी जारी किए हैं। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों के अधिकारों का सम्मान किया जाएगा।

जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट