Bihar News : जमुई सदर अस्पताल में 2 मरीजों की मौत पर भड़कीं मंत्री श्रेयसी सिंह, ड्यूटी से गायब थीं महिला डॉक्टर, FIR का दिया निर्देश

Bihar News Bihar News : : ड्यूटी से महिला चिकित्सक शालिनी सिंह के गायब रहने पर एक गर्भवती और एक प्रसूता के मौत की सूचना पर मंत्री श्रेयसी सिंह जमुई सदर अस्पताल पहुंची, जहां उनका गुस्सा फूट पड़ा.....पढ़िए आगे

Bihar News : जमुई सदर अस्पताल में 2 मरीजों की मौत पर भड़कीं
अस्पताल में भडकी मंत्री श्रेयसी सिंह - फोटो : SUMIT

JAMUI : जमुई सदर अस्पताल में रातभर ड्यूटी से महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी सिंह के गायब रहने के कारण एक गर्भवती महिला और एक प्रसूता की मौत की सूचना पर बिहार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह रविवार की दोपहर अस्पताल पहुंचीं। घटनास्थल पर परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के बाद मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और वे बेहद आग बबूला हो गईं।

अस्पताल में मौजूद लोगों द्वारा बार-बार शिकायत मिलने पर मंत्री श्रेयसी सिंह का आक्रोश डॉक्टर शालिनी सिंह की अनुपस्थिति को लेकर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. थनीष कुमार और इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक पर टूट पड़ा। मंत्री ने दोनों को जमकर फटकार लगाई, जिससे काफी देर तक पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप का माहौल रहा। इस दौरान मृतका के रोते-बिलखते परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर उपस्थित थे।

मंत्री द्वारा अधिकारियों को लगाई गई इस फटकार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। श्रेयसी सिंह ने जमुई सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को ड्यूटी से नदारद रहने वालों पर तुरंत सख्त एक्शन लेने का कड़ा निर्देश दिया। इसके बाद वे सीधे जिलाधिकारी आवास के लिए रवाना हो गईं, ताकि दोषी स्वास्थ्य कर्मियों पर तुरंत प्रशासनिक व कानूनी गाज गिराई जा सके।

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह ने स्पष्ट किया कि हर हाल में लापरवाह और दोषी महिला चिकित्सक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनके विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की जिंदगी के साथ इस तरह का खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, इस संवेदनशील मामले में जमुई के जिलाधिकारी नवीन ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




सुमित की रिपोर्ट