Bihar News : जमुई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, झाझा के बालाजी इमरजेंसी हॉस्पिटल में की छापेमारी, भारी मात्रा में अवैध दवाएं किया जब्त
Bihar News : जमुई जिले में धड़ल्ले से चल रहे अवैध दवा दुकानों और अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया......पढ़िए आगे
JAMUI : जमुई जिले में धड़ल्ले से फल-फूल रहे अवैध दवा दुकानों और फर्जी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक बड़ा छापेमारी अभियान चलाया है। इसी कड़ी में ड्रग इंस्पेक्टर धनंजय कुमार और एडीसी (Assistant Drug Controller) राजेश सिन्हा ने पुलिस बल के साथ झाझा स्थित 'बालाजी इमरजेंसी हॉस्पिटल' में औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर से भारी मात्रा में अवैध दवाएं जब्त की गई हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से जिले के फर्जी अस्पतालों और अवैध दवा दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
न मिला ड्रग लाइसेंस, न तैनात थे फार्मासिस्ट
ड्रग इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इस अस्पताल में अवैध रूप से दवाओं का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आलोक में जब टीम ने पुलिस बल के साथ धावा बोला, तो संचालक दवाओं से जुड़ा कोई भी वैध कागजी दस्तावेज या ड्रग लाइसेंस पेश नहीं कर सके। चौंकाने वाली बात यह है कि मौके पर कोई योग्य फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं था, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
अस्पताल के लाइसेंस पर भी उठे गंभीर सवाल
इस छापेमारी के बाद न सिर्फ दवा दुकान, बल्कि 'बालाजी इमरजेंसी हॉस्पिटल' के अपने लाइसेंस और संचालन पर भी गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर यह अस्पताल 'इमरजेंसी हॉस्पिटल' के नाम से बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा था और यहाँ मरीजों के इलाज के नाम पर दवाओं का बड़ा स्टॉक रखा गया था। बिना वैध मानकों और योग्य कर्मियों के इतने बड़े पैमाने पर अस्पताल का संचालन सीधे तौर पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ माना जा रहा है।
दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि दवाओं को जब्त करने के बाद अब आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध क्लीनिक, फर्जी अस्पताल या बिना लाइसेंस की दवा दुकानों को चलने नहीं दिया जाएगा। आने वाले दिनों में इस तरह के संदिग्ध संस्थानों पर अभियान चलाकर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुमार हर्ष की रिपोर्ट