Bihar News : जहानाबाद में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ट्रक में लगी भीषण आग, 40 नई मोटरसाइकिलें जलकर हुई खाक

Bihar News : जहानाबाद में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ट्

JEHANABAD : जिले के कड़ौना थाना क्षेत्र अंतर्गत कनौदी गांव के समीप मंगलवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। एक ट्रांसपोर्ट ट्रक, जिस पर होंडा कंपनी की 40 नई मोटरसाइकिलें लदी थीं, बिजली के तार के संपर्क में आने से धू-धू कर जल उठा। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि ट्रक समेत उस पर रखी सभी गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

घटना के संबंध में बताया गया है कि ट्रक शहर के नूतन होंडा शोरूम में बाइक की डिलीवरी देने पहुंचा था। देर रात जब शोरूम के पास ट्रक को बैक किया जा रहा था, तभी वाहन ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। तार से टकराते ही जोरदार चिंगारी निकली और ट्रक में भीषण आग लग गई। शोरूम कर्मी के अनुसार, ट्रक पर लदी 40 नई मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये थी, जो अब पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं।

हादसे के समय शोरूम बंद था और सभी कर्मचारी अपने घर जा चुके थे। आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने तुरंत शोरूम कर्मियों और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही स्टाफ और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि किसी को कुछ समझने या सामान बचाने का मौका ही नहीं मिला। वहीं, घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

स्थानीय पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में लटकते बिजली के तारों से होने वाले खतरों की ओर ध्यान खींचा है। फिलहाल, दमकल विभाग ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है, लेकिन शोरूम मालिक को इस अग्निकांड में भारी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ी है। 

विक्रम की रिपोर्ट