खाना परोसने के विवाद में सनकी देवर ने गंडासी से काटा भाभी का सिर : 1 साल पहले हुई थी शादी, आरोपी गिरफ्तार

जहानाबाद से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे जानकर आप दंग रह जाएगें। जिले में एक सनकी शख्स ने सिर्फ इस बात के लिए अपनी सगी भाभी का सर धड़ से काटकर अलग कर दिया कि खाना देते वक्त मृतका के हाथ मे मिट्टी लगी हुई थी....

खाना परोसने के विवाद में सनकी देवर ने गंडासी से काटा भाभी का
सनकी देवर ने भाभी को उतारा मौत के घाट- फोटो : रिपोर्टर

Jehanabad : जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुरा इमादपुर गांव में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सनकी देवर ने मामूली बात पर अपनी भाभी की धारदार हथियार (गंडासी) से काटकर नृशंस हत्या कर दी। सिर धड़ से अलग हो जाने के कारण महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


हाथ में मिट्टी लगी होने पर भड़का देवर, खाना परोसने के दौरान की हत्या

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के अन्य सदस्य खेत में धान की रोपाई करने गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी देवर कुणाल कुमार ने अपनी भाभी अंशु से खाना मांगा। जब अंशु थाली में खाना परोसने आईं, तो उनके हाथ में थोड़ी मिट्टी लगी हुई थी। इसी बात को लेकर सनकी देवर आगबबूला हो गया और भाभी को जमीन पर पटककर मारपीट करने लगा। इसके बाद उसने पास में रखी गंडासी से वार कर सिर को धड़ से अलग कर दिया।


महज एक साल पहले हुई थी शादी, अरवल जिले की रहने वाली थी मृतका

मृतका अंशु की शादी महज एक साल पहले ही हुई थी। वह मूल रूप से अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र स्थित गोनपुरा गांव की रहने वाली थी। शादी के एक वर्ष के भीतर ही इस सनसनीखेज और बीभत्स हत्याकांड की खबर मिलते ही मृतका के मायके वालों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


गांव में आग की तरह फैली खबर, सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस

वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के लगभग दो घंटे बाद परसबिगहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया व पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी देवर को किया गिरफ्तार

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देवर कुणाल कुमार मौके से फरार हो गया था। परसबिगहा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।