‘मेरा बेटा देश के लिए गया’... तिरंगे में लिपटा लौटा जहानाबाद का लाल फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम, शहीद के अंतिम दर्शन को उमड़ी हजारों की भीड़

शहीद शुभम कुमार का पार्थिव शरीर आया तो भारत माता की जय" और "शुभम कुमार अमर रहें" के नारों के बीच नम आंखों से लोगों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

Assam Jorhat IAF Aircraft Crash
Assam Jorhat IAF Aircraft Crash- फोटो : news4nation

Bihar News :  असम के जोरहाट एयरबेस में हुए दर्दनाक विमान हादसे में बिहार के जहानाबाद जिले के वीर सपूत, भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार शहीद हो गए। महज 25 वर्षीय शुभम कुमार हुलासगंज थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव के निवासी थे। देश सेवा के दौरान उनके सर्वोच्च बलिदान की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। हजारों लोगों ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।


शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, विधायक ऋतुराज, राहुल कुमार, आईजी विकास वैभव, जिलाधिकारी अलंकृता पांडे तथा पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान बनवरिया गांव पहुंचे। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।


दरअसल, भारतीय वायुसेना का एएन-32 परिवहन विमान शनिवार सुबह असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन से नियमित उड़ान (रूटीन सॉर्टी) पर रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ समय बाद विमान में तकनीकी समस्या आने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे वापस एयरबेस पर उतारने का प्रयास किया गया। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसल गया, नियंत्रण खो बैठा और दो हिस्सों में टूटने के बाद उसमें आग लग गई। हादसा इतना भीषण था कि विमान में सवार पांच वायुसेना कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सह-पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं।


इस हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के अलावा स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने भी अपने प्राणों की आहुति दी। कुल छह लोग विमान में सवार थे, जिनमें से केवल सह-पायलट जीवित बच सके।


शहीद शुभम कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बनवरिया पहुंचते ही हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे गांव में गम और गर्व का माहौल देखने को मिला। "भारत माता की जय" और "शुभम कुमार अमर रहें" के नारों के बीच नम आंखों से लोगों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को जहानाबाद जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और पूरे बिहार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनका बलिदान हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

रंजीत की रिपोर्ट