बालू उठाव के विवाद में अंधाधुंध फायरिंग : 5 गंभीर रूप से घायल, मुख्य आरोपी 'विष्णु डॉन' को पुलिस और ग्रामीणों ने खदेड़ कर दबोचा
जहानाबाद के घोषी थाना क्षेत्र में फल्गू नदी से बालू उठाने के विवाद में आज अपराधियों ने जमकर गोलीबारी की। इस घटना में पांच लोग घायल हुए है। वहीं पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विष्णु डॉन को गिरफ्तार कर लिया है...
Jehanabad : जिले के घोषी थाना क्षेत्र के चौथीपीर गांव में शनिवार की सुबह करीब 11:20 बजे फल्गु नदी से अवैध बालू उत्खनन के पुराने विवाद को लेकर अपराधियों ने अंधाधुंध हवाई फायरिंग और जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी. इस अचानक हुए हमले और गोलीबारी में पीड़ित पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और घोषी थाने की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.
30 हथियारबंद अपराधियों के साथ पहुंचा था विष्णु डॉन, घर के बाहर बैठी महिला और परिजनों पर की फायरिंग
वादिनी (पीड़ित महिला) द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, वह अपने घर के बाहर बैठी थी, तभी गिंजी गांव का निवासी मुख्य आरोपी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन अपने 10 नामजद साथियों तथा करीब 20 अज्ञात हथियारबंद अपराधियों के साथ वहाँ धमक आया. फल्गु नदी से अवैध बालू उठाने के आपसी विवाद को लेकर इन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. इस हमले में घायल सभी पांचों पीड़ितों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है.
पुलिस बल को देखकर भागने लगे हमलावर, ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ा गया मुख्य सरगना
गोलीबारी की सूचना पर जैसे ही घोषी थाना पुलिस और भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, उसे आते देख सभी हमलावर घटना स्थल से भागने लगे. भागने के क्रम में पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से घेराबंदी की और घटना के मुख्य आरोपी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन (पिता- अखिलेश शर्मा, ग्राम- गिंजी) को मौके पर ही दबोच कर हिरासत में ले लिया. पुलिस ने घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान वहां से फायरिंग किए गए कारतूसों के खोखे बरामद किए हैं और अपराधियों की 02 मोटरसाइकिलें भी जप्त की हैं.
घोषी थाने में कांड दर्ज, फरार 10 नामजद और अज्ञातों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित
इस भीषण हिंसक झड़प और गोलीबारी के मामले में घोषी थाना द्वारा सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य फरार 10 नामजद आरोपियों और अज्ञात हमलावरों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही हैं.
कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में, शांति भंग करने वाले उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा: जहानाबाद पुलिस
घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए जहानाबाद पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है. पुलिस प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि शांति भंग करने वाले, कानून हाथ में लेने वाले और अवैध बालू खनन या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे तत्वों के खिलाफ चिन्हित कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.