Jehanabad CO Controversy: पति के खाते में 1.24 लाख ट्रांसफर व डोंगल के इस्तेमाल का आरोप, महिला अंचलाधिकारी व हसबैंड पर भी FIR दर्ज
जहानाबाद के रतनी फरीदपुर की महिला CO व पति के खिलाफ शकुराबाद थाने में FIR दर्ज। दाखिल-खारिज में गड़बड़ी, डोंगल दुरुपयोग व ऑनलाइन लेनदेन का आरोप।
जहानाबाद के रतनी फरीदपुर अंचल की महिला अंचल अधिकारी (सीओ) पर जमीन के दाखिल-खारिज और जमाबंदी में कथित अनियमितता व रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि रिश्वत की राशि कथित तौर पर सीधे सीओ के पति के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई, जिससे राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शकुराबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
इस मामले को लेकर शकुराबाद थाने में 19 नवंबर 2026 को कांड संख्या 304/26 के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी में अंचलाधिकारी के पति रईशुल इस्लाम समेत अन्य के नाम शामिल हैं, हालांकि ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं और इनकी जांच व पुष्टि होना बाकी है।
यूपीआई के जरिए 71,500 रुपये ट्रांसफर का दावा
एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता राज कुमार का आरोप है कि 24 अगस्त 2025 से 8 सितंबर 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों में यूपीआई के माध्यम से पति के एसबीआई खाते में पैसे भेजे गए। शिकायत में 24 अगस्त को 25 हजार, 26 अगस्त को 6500, 31 अगस्त को 5000, 3 सितंबर को 15 हजार तथा 7 व 8 सितंबर को 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर करने का जिक्र है, जो कुल 71,500 रुपये बैठते हैं।
वाहन चालक के माध्यम से भी राशि भेजने का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि इसके बाद सीओ के निजी वाहन चालक के जरिए दो किस्तों में 48 हजार और 5 हजार रुपये उनके पति के खाते में भेजे गए। इस तरह कुल कथित लेनदेन की रकम 1 लाख 24 हजार 500 रुपये बताई गई है।
कुल 1.24 लाख रुपये के लेनदेन और डिमांड का मामला
प्राथमिकी में राज कुमार ने दावा किया है कि दो युवकों के मोबाइल नंबर से अलग-अलग तारीखों में 1,24,500 रुपये ट्रांसफर किए जाने के बाद गैरमजरूआ मालिक जमीन से संबंधित डिमांड कायम करने की कार्रवाई की गई। आवेदन में इस ऑनलाइन लेनदेन को कथित रिश्वत से जोड़ते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की गई है।
मेडिकल लीव के दौरान डोंगल के इस्तेमाल पर सवाल
मामले का एक अहम पहलू सीओ के मेडिकल लीव पर रहने के दौरान जमीन का ऑनलाइन डिमांड कायम किए जाने का बताया गया है। आरोप है कि मेडिकल लीव में रहने के बावजूद डोंगल का उपयोग कर 'परिमार्जन प्लस' पोर्टल के जरिए ऑनलाइन डिमांड कायम किया गया, जिसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए डोंगल के इस्तेमाल की जांच की मांग उठी है।
नोआवां मौजा के दो वादों और गोतिया की जमीन का जिक्र
शिकायत में नोआवां मौजा (थाना संख्या 66) के दाखिल-खारिज वाद संख्या 411/25-26 (भाग-26, पृष्ठ-97) व 412/25-26 (भाग-26, पृष्ठ-98) में बिना वैध दस्तावेज के डिमांड कायम करने तथा गोतिया को नाबालिग दिखाकर हिस्से की जमीन हड़पने व गलत जमाबंदी बनाने का आरोप लगाया गया है।
थानाध्यक्ष ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
शकुराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि अंचलाधिकारी और उनके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।