Bihar Police:अपराधियों की तलाश में निकली STF टीम पर टूटा दुखों का पहाड़,खुद की पिस्टल से चली गोली, नालंदा के रहने वाले जवान ने जहानाबाद में गंवाई जान, पुलिस महकमे में शोक

Bihar Police: अपराधियों की धरपकड़ के लिए चल रहे पुलिस ऑपरेशन के दौरान एसटीएफ के जवान धीरज कुमार की अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मौत हो गई।

Nalanda STF Jawan Dies in Accidental Gunshot in Jehanabad
STF जवान ने गंवाई जान- फोटो : social Media

Bihar Police: जहानाबाद जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चल रहे पुलिस ऑपरेशन के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को गमगीन कर दिया। घोसी थाना क्षेत्र के चिरी गांव के पास गुरुवार रात एसटीएफ के जवान धीरज कुमार की अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक धीरज कुमार नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के निवासी थे और उनकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच एसटीएफ की टीम घोसी-हुलासगंज थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बदमाशों की धरपकड़ के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान चिरी गांव के समीप धीरज कुमार की कमर में रखी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक फायर हो गया। गोली सीधे उन्हें जा लगी और वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनते ही साथी जवानों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही घोसी एसडीपीओ-2 कृति कमल, स्थानीय थाना पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार के भी अस्पताल पहुंचने की सूचना है।

दिवंगत जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इसे सर्विस रिवॉल्वर से अचानक चली गोली का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की तहकीकात में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा बलों के बीच शोक की लहर दौड़ा दी है और पूरे मामले की गहन छानबीन जारी है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार